भोपाल, मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने प्रदेश के विधानसभा चुनाव में लगभग शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने पर मतदाताओं, चुनाव आयोग तथा पुलिस प्रशासन को बधाई दी है।
शर्मा ने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तरह प्रदेश के मतदाताओं ने मतदान के लिए उत्साह दिखाया और लोकतंत्र में जागरूकता का परिचय दिया उससे भारतीय लोकतंत्र समृद्ध हुआ है। यह प्रदेश में पिछले दो दशक के दौरान हुए विकास कार्यों का प्रमाण है। विकास और सुशासन से प्रदेश की जनता अभिभूत है। मतदान का क्रम सुबह से प्रारंभ हुआ एवं मतदान समाप्त होने तक लंबी लाइनों में महिला-पुरूष एवं युवा वर्ग के मतदाता अपने क्रम का उत्साहपूर्वक इंतजार करते रहे, यह बात प्रमाणित हो गयी है कि अपने अधिकारों के प्रति जहां हर वर्ग में उत्सुकता है, वहीं कर्त्तव्यों के प्रति भी जागरूकता आयी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हुए मतदान के अभी तक जो ट्रेंड मिल रहा है, उससे मुझे लगता है कि मतदान 80 प्रतिशत तक पहुंच सकता है, लगभग 75 से ऊपर तो जाएगा ही। इतना व्यापक मतदान, जनता का आशीर्वाद जो मिला है, उसका बड़ा कारण पार्टी द्वारा चलाए गए मोदी के मन में एमपी और एमपी के मन में मोदी अभियान को जाता है। भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री आवास में 64 लाख बहनों को मकान मालिक बनाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है।
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना लागू करके बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाने का काम करने के साथ, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित महिला सशक्तिकरण के महत्वपूर्ण कार्यों और तीन तलाक कानून बनाने से अल्पसंख्यक बहनों से भी भाजपा के पक्ष में बड़ी संख्या में मतदान किया है।
एमपी के मन में मोदी और मोदी के मन में एमपी अभियान के साथ 41 लाख से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने अथक परिश्रम किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कुशल रणनीति व संगठन तंत्र की मजबूती, पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता द्वारा 64, 530 बूथों पर की गयी मेहनत का परिणाम है कि मध्यप्रदेश में मतदान प्रतिशत बढ़ा है। विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने में भाजपा के कार्यकर्ताओं की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मतदान केंद्रों पर इस बात के लिए जोर देते रहे कि मतदान तेज गति से कराया जाए। भाजपा ने धीमी गति से मतदान की शिकायत भी की है।
शर्मा ने कहा कि बीती देर रात छतरपुर जिले के राजनगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के प्रत्याशी और उनके समर्थकों की आपसी भगदड़ में उनके ही एक साथी की कार के नीचे दबने से मौत हो गई। इस मामले में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी व कार्यकर्ताओं पर हत्या का झूठा प्रकरण दर्ज करा दिया है। वे छतरपुर प्रशासन की कड़ी आलोचना करते हैं कि किसी व्यक्ति की कार के नीचे दबने के मामले में बिना जांच के हत्या का मामला कैसे दर्ज किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने संगठन के लक्ष्य को शिरोधार्य कर संगठन की गौरवशाली परंपरा का निर्वाहन किया है। सभी कार्यकर्ता साधुवाद के पात्र है। प्रदेश की जनता को उत्साहपूर्वक मताधिकार का उपयोग करने के लिए पुनः आभार।